पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम कुटराबोड़ में हटली पेड़ के पास स्थित चबूतरा दुकान में ग्राम पामगढ़ निवासी जोहित खरे और ग्राम नवागढ़ निवासी रामसहिलावन जांगड़े ने शराब पी थी। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल और सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की और मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने 4 मई 2026 को राजा उर्फ कमलनाथ खरे से घरेलू खर्च के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम की वापसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात आरोपी ने दोनों ग्रामीणों को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद उन्होंने शराब का सेवन किया और उनकी तबीयत बिगड़ गई। जांच में शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की बात सामने आई। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।