रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम हो गया है।
विदेशी नंबर से भेजे गए थे धमकी भरे संदेश
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई थी कार्रवाईमामले में तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान शोएब ढेबर को पकड़ा गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी।




