कांकेर| थाना ताड़ोकी पुलिस ने दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए करीब दो घंटे के भीतर चोरी का सामान बरामद किया है। मामले में दो विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को ताड़ोकी निवासी कमलेश देवांगन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया है। रिपोर्ट पर थाना ताड़ोकी में अपराध क्रमांक 10/2026 के तहत धारा 305(अ), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर दो विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है। ये सामान हुआ बरामद पुलिस ने एक Snexion Bold T450 मोबाइल, दो Redmi मोबाइल, एकRedmi HTC ट्रिमर, एक Xiaomi पावर बैंक, एक लोहे का सब्बल और एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद एवं जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन और एसडीओपी अंतागढ़ संतोष जैन के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, प्रधान आरक्षक राजमन कोमरो, आरक्षक संजीत महावीर, आरक्षक विष्णु मंडावी, आरक्षक पंकज मरकाम सहित थाना ताड़ोकी पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




