रायपुर | राजधानी में 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और हत्या की धमकी देने के मामले में तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शोएब ढेबर (26), निवासी पॉम बेलाजियो, खम्हारडीह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर धमकी भरे संदेश भेजकर प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा और उनके परिवार को निशाना बनाया था।

विदेशी नंबर से आया धमकी का मैसेज

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक 14 सितंबर 2026 को आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया और 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर कुकरेजा, उनके बेटे अजीत और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या की धमकी दी गई। मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/26, धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर विशेष टीम ने जांच शुरू की। विदेशी नंबर, व्हाट्सऐप संदेश, वीडियो और अन्य डिजिटल इनपुट का तकनीकी विश्लेषण किया गया। मोबाइल नंबरों और संपर्कों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस शोएब ढेबर तक पहुंची। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित 5 आईफोन, कीमत करीब 5 लाख रुपये जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।