रायपुर} प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित राजनीतिक बहस के बाद मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस से भी कार्यकर्ताओं की बहस और झड़प होने की जानकारी सामने आई है। दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच प्रेस क्लब में खुली बहस हुई। दोनों नेताओं ने योजना से जुड़े आंकड़ों और सरकार के दावों को लेकर अपने-अपने पक्ष रखे। इस दौरान दोनों ओर से तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रेस क्लब परिसर के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक एसआई की शर्ट का बटन और बैच टूट गया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर नियंत्रण पाया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। राजनीतिक बहस के बाद प्रेस क्लब के बाहर हुए विवाद से प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच माहौल और गरमा गया है।
Author: Samarthy News
Views: 225




