छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटरा ढपनिपानी में हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे मंगल सिंह (46 वर्ष) अपने घर की दीवार से टिककर बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43 वर्ष) पास ही परछी में काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना और चमक के साथ अचानक आकाशीय बिजली मकान पर जा गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलसकर अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ उजड़ा परिवार
मृतक दंपती विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय से ताल्लुक रखते थे। परिवार के दो प्रमुख सदस्यों की एक साथ हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना से शोक का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद मरवाही पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कागजी कार्रवाई की जा रही है।