कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर से लगे तरदा गांव में शनिवार सुबह खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों के बीच हड़कंप मच गया। खेत में मगरमच्छ होने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी के मुताबिक, किसान सुबह खेत में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद मगरमच्छ पर पड़ी। किसानों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी। मगरमच्छ का आकार छोटा होने के कारण इसे उसका बच्चा बताया जा रहा है। हसदेव नदी से भटककर खेत में पहुंचने का अनुमान ग्रामीणों का अनुमान है कि यह मगरमच्छ पास से गुजरने वाली हसदेव नदी से भटककर खेतों तक पहुंचा होगा। नदी से क्षेत्र की नजदीकी को देखते हुए आसपास और मगरमच्छ होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग भी मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
मगरमच्छ मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि फिलहाल एक ही मगरमच्छ मिला है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर सुरक्षित रखा था। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि मगरमच्छ खेत तक कैसे पहुंचा और आसपास के इलाके में कहीं और मगरमच्छ तो मौजूद नहीं हैं। नदी किनारे बसे ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Author: Samarthy News
Post Views: 256



