कोरबा। मोबाइल टावर की केबल चोरी करते दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर जमकर पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी इलाके का है। यहां स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर की केबल काटते समय दो युवकों को स्थानीय लोगों ने देख लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जिले में पिछले तीन महीनों में करीब 33 मोबाइल टावरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। पकड़े गए युवकों की पहचान स्थानीय लोगों ने एकलाख खान और लक्की के रूप में बताई है। लोगों का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। उनके पास से कथित तौर पर गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी मिली हैं। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी की अन्य घटनाओं से भी आरोपियों के संबंधों की जांच की जा रही है
Author: Samarthy News
Post Views: 190




