गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया, जब बांसाझाल स्थित जर्जर पुल अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही यात्रियों से भरी बस बीच पुल पर फंस गई। राहत की बात यह रही कि बस नदी में नहीं गिरी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक द्वारा बनाए गए वीडियो के अनुसार, बस जैसे ही पुल के मध्य भाग में पहुंची, पुल का स्लैब तेज आवाज के साथ धंस गया और पुल दो हिस्सों में बंट गया। बस टूटे हुए हिस्से के मुहाने पर अटक गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक की सूझबूझ और समय रहते बस के संतुलित रहने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुल ढहने के कारण बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते पेंड्रा, गौरेला, अमरकंटक, मध्य प्रदेश के जबलपुर तथा छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ की ओर सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। मार्ग के दोनों ओर बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। प्रशासन फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि फिलहाल बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन द्वारा निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें। पुल ढहने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
Author: Samarthy News
Post Views: 314




