रायपुर। पंडरी मोवा स्थित साहस नशा मुक्ति केंद्र एक बार फिर विवादों में आ गया है। केंद्र की संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा पर मरीजों के साथ मारपीट और प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर वह मरीजों के साथ बेरहमी से मारपीट करता नजर आ रहा है। मामले में उड़ीसा के उमरकोट निवासी अंकुर मांझी के परिजनों ने पंडरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने अपने बेटे को तीन महीने के इलाज के लिए केंद्र में भर्ती कराया था, लेकिन महज नौ दिन में ही उसकी हालत बिगडऩे पर उसे वापस ले जाना पड़ा। आरोप है कि इलाज के नाम पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडऩा की गई। परिवार का कहना है कि इस अमानवीय व्यवहार के चलते अंकुर की मानसिक स्थिति और खराब हो गई। फिलहाल उसका इलाज विशाखापट्टनम में जारी है, जहां उसे सुरक्षित माहौल में बेहतर उपचार दिया जा रहा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी अनिकेश शर्मा के खिलाफ मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भी नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर उसकी गतिविधियों की जांच के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि पंडरी मोवा क्षेत्र में संचालित यह केंद्र लंबे समय से नशा मुक्ति के लिए काम कर रहा है, लेकिन इस घटना के बाद इसकी कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।
Author: Samarthy News
Post Views: 77





