रायपुर। राजधानी रायपुर की क्राईम एवं सायबर टीम ने मादक पदार्थ कोकीन मंगाने बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल गिरफ्तार हो गया है। आरोपी द्वारा बीपी मशीन की आड़ में कुरियर सें कोकीन मंगाया गया था। बता दें कि अवैध एवं प्रतिबंधित मादक पदार्थो, प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं सिरप तथा सूखे नशे की तस्करी, खरीदी-बिक्री, नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) रायपुर के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) रायपुर के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स का गठन किया गया है।
उक्त टीम को एंड टू एंड एवं फाइनेंशियल इनवेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई करने सहित स्त्रोत के बारे में विस्तृत जानकारी लेकर उनके विरूद्ध विधिसंगत विधिवत कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी कड़ी में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना देवेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत नारायणा हॉस्पिटल सेक्टर 5 के पास 1 व्यक्ति चार पहिया वाहन में अपने पास मादक पदार्थ कोकीन रखा है तथा ग्राहक की तलाश कर रहा है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट, एन्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स तथा थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम के सदस्यों द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये चार पहिया वाहन एवं हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कृष्ण गोपाल अग्रवाल निवासी खम्हारडीह रायपुर का होना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके चार पहिया वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में श्री मारूती फर्म द्वारा कोरियर किया हुआ पैकेट बरामद हुआ, पैकेट के संबंध में पूछताछ करने पर कृष्ण गोपाल अग्रवाल गोलमोल जवाब देकर टीम के सदस्यों को गुमराह किया जा रहा था जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा पैकेट को चेक करने पर पैकेट बी.पी. मशीन का होना पाया गया एवं बी.पी. मशीन को चेक करने पर उसमें मादक पदार्थ कोकीन रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 4.55 ग्राम कोकीन कीमती लगभग 2,27,500 रूपये तथा घटना में प्रयुक्त एक नग चार पहिया वाहन ग्रैण्ड विटारा क्रमांक सीजी 04 एन एक्स 3300 तथा एक नग आईफोन 16 जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना देवेन्द्र नगर में धारा 22बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई की गई।





