मंदिर में मची भीषण भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

Picture of Samarthy News

Samarthy News

 श्रीकाकुलम| आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में कार्तिक मास की एकादशी के पावन अवसर पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी, इसी दौरान मची भगदड़ में कम से कम 9 श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।  शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बेतहाशा बढ़ गया। एकादशी होने के कारण सुबह से ही मंदिर में हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। अचानक हुई धक्का-मुक्की से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कई लोग नीचे गिर पड़े और भीड़ उन्हें कुचलती हुई आगे निकल गई। चश्मदीदों का कहना है कि सुबह से ही मंदिर में भीड़ काफी बढ़ गई थी और श्रद्धालुओं की संख्या के मुकाबले पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण हालात बेकाबू हो गए। जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है और हालात पर काबू पाने के लिए मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भीड़ नियंत्रण में चूक कहां हुई।  आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और स्थानीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है। ”वहीं, केंद्रीय मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “एकादशी के दिन यह एक बड़ी त्रासदी हुई। हमारी सरकार घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार प्रदान कर रही है। सूचना मिलते ही मैंने अधिकारियों, जिला मंत्री अत्चन्नायडू और स्थानीय विधायक गौथु सिरीशा से बात कर पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने के आदेश दिए हैं।”
Samarthy News
Author: Samarthy News

error: Content is protected !!