घायल के परिजनों ने तृणमूल समर्थित बदमाशों पर उंगली उठाई
सागरद्वीप। विधानसभा चुनावों की तारीख के ऐलान में कुछ दिन कहें या फिर घंटों का समय है। लेकिन चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले ही कथित राजनीति खून खराबे की छाया से बंगाल बच नहीं सका। दक्षिण 24 परगना प्रशासनिक जिले के सुंदरवन पुलिस जिले में स्थित सागरद्वीप के गंगासागर में अज्ञात हमलावरों के द्वारा एक भाजपा नेता को गोली मारे जाने के बाद तनाव फैल गया। घायल नेता की पहचान भारतीय जनता पार्टी के त्रिलोकेश ढाली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आज सुबह लगभग 8 बजे सागर तटीय पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्रीधाम बस स्टैंड के पास दो बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें सीने में गोली मार दी। हमलावर गोली चलाने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल त्रिलोकेश को बचाया और उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से शांत सागरद्वीप में हड़कंप मच गया है। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। त्रिलोकेश के परिजनों ने उक्त घटना को राजनीतिक साजिश के तहत हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। घायल त्रिलोकेश के बेटे त्रिदीप ढाली ने कहा, “आने वाले चुनावों में मेरे पिता को भाजपा का टिकट मिलने की संभावना थी। इसीलिए बदमाशों ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी के लोगों की मदद से मेरे पिता को मारने की कोशिश की।”
इधर तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि किसी भी चीज के लिए तृणमूल को दोष देना सही नहीं है। यह भाजपा के गुटीय झगड़े का नतीजा है। हमने पुलिस से मुख्य आरोपी को ढूंढकर उचित कार्रवाई की बात कही है। खबर के लिखे जाने तक हमले के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस ने गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और हमले के संभावित कारणों की भी छानबीन कर रही है। बहरहाल बता दे कि, त्रिलोकेश ढाली पहले मथुरापुर सांगठनिक जिला कमेटी के सचिव थे। लेकिन, अभी वे पार्टी से एक आम वर्कर के तौर पर जुड़े हुए हैं। जाहिर है, इस घटना से राजनीति के गलियारों में हलचल मच गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह घटना किसी पुरानी दुश्मनी की वजह से हुई होगी। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Author: Samarthy News
Post Views: 84





