ड्रोन हमले के बाद दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर दुबई हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। प्राधिकरण ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों के संबंध में नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करें। दुबई हवाई अड्डा प्राधिकरण ने डीएक्सबी से कुछ उड़ानों को अल मकतूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोडऩे की घोषणा की है। हमले के बीच एयर इंडिया ने दुबई आने-जाने वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस बीच, दुबई जा रही अमीरात की एक उड़ान केरल के कोच्चि लौट आई। फ्लाइट ईके-533 सुबह 4:30 बजे कोचीन हवाई अड्डे से 325 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी। इंडिगो ने भी दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों पर और प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
खाड़ी में 28 फरवरी से तनाव शुरू होने के बाद से ईरान ने यूएई पर अब तक 1,800 से अधिक मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं, जिससे दुबई और आसपास के शहरों में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यूएई में अभी तक के हमलों में 4 नागरिक और 2 सैन्यकर्मी मारे गए हैं। कई ड्रोन रोके भी गए हैं। ईरान अमेरिका-इजरायल के हमलों के कारण खाड़ी देशों में अमेरिकी संपत्तियों, नागरिक स्थलों और तेल सुविधाओं पर निशाना लगा रहा है।