गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के दानिकुंडी में पटवारी कार्यालय के भीतर पटवारी से मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से पटवारी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दानिकुंडी के हल्का नंबर-26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश गोंड नामक युवक वहां पहुंचा। किसी काम को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढऩे पर युवक ने कार्यालय में रखी लोहे की रॉड उठाकर पटवारी के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पटवारी संभल नहीं सके और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद घायल पटवारी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पैसे लेकर काम नहीं करने का आरोप
घटना से जुड़े वायरल वीडियो में आरोपी पटवारी पर करीब तीन वर्षों से काम नहीं करने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। आरोपी ने यह भी दावा किया कि काम के एवज में पैसे दिए गए थे, लेकिन काम नहीं किया गया और रकम वापस भी नहीं की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया है। घटना के समय कार्यालय में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आरोपी द्वारा लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Samarthy News
Post Views: 84



