जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के मौके पर भाई-बहनों के लिए विशेष पार्टी का ऑनलाइन प्रचार और बुकिंग की जा रही थी। इसके लिए सोशल मीडिया पर पोस्टर और ब्रोशर भी जारी किए गए थे। प्रचार सामग्री में रक्षाबंधन को शराब के साथ सेलिब्रेट करने और नाइट पार्टी की जानकारी दी गई थी। साथ ही कराओके और शराब के ऑफर का भी उल्लेख था।
आयोजन की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। कार्यकर्ता दोपहर में अंबुजा मॉल पहुंचे और आयोजन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक पर्व पर शराब पार्टी का आयोजन उचित नहीं है।
विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 28 अगस्त को पार्टी आयोजित की गई तो वे कार्रवाई करेंगे। हंगामे के बाद आयोजकों की ओर से पार्टी रद्द करने का आश्वासन दिया गया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे 28 अगस्त को भी आयोजन स्थल पर नजर रखेंगे। फिलहाल विरोध के बाद प्रस्तावित पार्टी के रद्द होने की बात सामने आई है।



