जानकारी के मुताबिक, सुरंग के भीतर तेंदुए को सबसे पहले एक रेलवे ड्राइवर ने देखा। इसके बाद वहां से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक के ठीक बीचों-बीच चलता हुआ साफ नजर आ रहा है। तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद ट्रैक मेंटेनेंस और गश्त में तैनात रेलवे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरे इस क्षेत्र में उन्हें पैदल गश्त और मरम्मत का काम करना पड़ता है। ऐसे में वन्यजीवों की मौजूदगी उनके लिए खतरा बन सकती है। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। रेलवे और वन विभाग के समन्वय से संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है, ताकि वन्यजीवों के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।