बलौदाबाजार-भाटापारा। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने, शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना और धोखाधड़ी के मामले में पलारी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में थाना पलारी पुलिस ने शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना, धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़े के मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया था। प्रकरण में धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने के मामले में 22 अगस्त 2026 को ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 23 अगस्त को दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में
परख कश्यप, पिता महेंद्र कुमार कश्यप, उम्र 36 वर्ष, निवासी सिविल लाइन बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली।
प्रणव अवस्थी, पिता कृष्णा अवस्थी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रिसदा गांधी चौक, थाना सिटी कोतवाली।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पलारी पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना एवं फर्जीवाड़े के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।