कोरबा| कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में खेलते-खेलते कुएं में गिरने से 3 साल के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। हादसा मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती में हुआ। जानकारी के मुताबिक, अभियांस पटेल घर पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से लगी बाड़ी में पहुंच गया और अचानक वहां मौजूद कुएं में गिर गया। काफी देर तक जब मासूम घर में नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसके कुएं में गिरने की जानकारी मिली। परिजनों ने तत्काल मासूम को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बारिश से लबालब भरा था कुआं
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते कुएं में पानी लबालब भरा हुआ था। इसी कुएं में गिरने से मासूम की जान चली गई। मृतक अभियांस के पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। अभियांस दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। हादसे की खबर के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मासूम की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Samarthy News
Post Views: 456



