एमसीबी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस एमसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि हाईवे पर किसी भी प्रकार की संभावित दुर्घटनाजनक या जोखिमपूर्ण स्थिति दिखाई देने पर तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई एक सूचना कई लोगों की जान बचा सकती है।पुलिस के अनुसार, हाईवे पर हादसों के पीछे केवल आवारा पशु ही जिम्मेदार नहीं हैं, बल्कि सड़क किनारे भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, खराब वाहनों में रिफ्लेक्टर या वार्निंग ट्रायंगल का इस्तेमाल नहीं करना, तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग जैसे कई कारण भी दुर्घटनाओं को बढ़ावा देते हैं।इसके अलावा चालक की नींद और थकान, बारिश व कोहरे के दौरान कम दृश्यता, वाहन की तकनीकी खराबी, सड़क पर गड्ढे या निर्माण कार्य, पर्याप्त संकेतकों का अभाव, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग नहीं करना, बिना इंडिकेटर लेन बदलना, अचानक यू-टर्न लेना, पैदल यात्रियों व धीमी गति वाले वाहनों का असुरक्षित आवागमन तथा हाईवे पर स्टंटबाजी भी गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हाईवे पर अनधिकृत रूप से खड़े भारी वाहन, सड़क पर बैठे या घूमते आवारा पशु, दुर्घटनाग्रस्त या खराब वाहन, स्टंटबाजी करते वाहन चालक अथवा किसी अन्य जोखिमपूर्ण स्थिति की जानकारी तत्काल डायल-112 को दें।पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना से हेड-ऑन और रियर-एंड टक्कर, वाहन पलटने जैसी दुर्घटनाओं को रोकने के साथ ही जनहानि की आशंका को भी कम किया जा सकता है। जिला पुलिस ने लोगों से सतर्क नागरिक बनने, सुरक्षित यातायात अपनाने और आपात स्थिति में डायल-112 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
Author: Samarthy News
Post Views: 153




