छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का रायपुर में भव्य स्वागत, मिलेगी DSP रैंक

Picture of Samarthy News

Samarthy News

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई
रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारोत्तोलन के 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को रायपुर में भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नया रायपुर स्थित अपने निवास पर ज्ञानेश्वरी यादव का सम्मान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।
          इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवा खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी रैंक देने की घोषणा खिलाडिय़ों के सम्मान और प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संघर्ष और मेहनत से हासिल की बड़ी सफलता
ज्ञानेश्वरी यादव ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार से मिल रहे सहयोग और सुविधाओं से खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अपने संघर्षों को याद करते हुए बताया कि उनके पिता एक निजी कर्मचारी हैं। परिवार के सहयोग और खुद की मेहनत के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। ज्ञानेश्वरी ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य वर्ष 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना है और इसके लिए वह पूरी लगन से तैयारी करेंगी।
199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता सिल्वर
गौरतलब है कि ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ज्ञानेश्वरी यादव ने महिला भारोत्तोलन के 53 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। राजनांदगांव सहित प्रदेशभर के खेल प्रेमियों और नागरिकों ने ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता पर गर्व जताया है।

Samarthy News
Author: Samarthy News

error: Content is protected !!